भोपाल । भोपाल में एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को मिली धमकियों के बाद राजधानी के नापतौल विभाग को भी धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि विभाग के कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर या IED रखे गए हैं जो दोपहर 1 बजे फटेंगे और पूरे विभाग को उड़ा देंगे। ईमेल विभाग की आधिकारिक आईडी पर आया था और इसमें धमकी स्पष्ट रूप से लिखी गई थी। इस घटना से विभाग के कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ता ने पूरे परिसर की तलाशी ली लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या सिलेंडर नहीं पाया गया। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
भोपाल प्रशासन ने हाल के दिनों में लगातार धमकियों के चलते सुरक्षा कड़ी कर दी है। पहले एम्स भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को धमकी मिली थी अब नापतौल विभाग की घटना ने सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और जांच जारी है।
