दरअसल हाल ही में फराह खान के साथ बातचीत के दौरान मीका सिंह ने यह दिलचस्प किस्सा साझा किया। मीका ने फराह खान को अपने दिल्ली स्थित फार्महाउस पर बुलाया था जहां उन्होंने अपने बॉडीगार्ड करतार से उनकी मुलाकात करवाई। इसी दौरान मीका ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि लगभग 30 साल पहले उन्होंने करतार से पहली बार मुलाकात की थी। उनकी मजबूत कद-काठी देखकर मीका ने उनसे पूछा था कि क्या वह उनके बॉडीगार्ड बनेंगे। इस पर करतार ने सीधा जवाब दिया था पहले खुद तो काम शुरू कर लो तुम तो खुद स्ट्रगल कर रहे हो।
मीका सिंह ने इस पूरे वाकये को बड़े मजाकिया अंदाज में सुनाया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि लोग अक्सर लड़कियों को इंप्रेस करने के लिए मेहनत करते हैं लेकिन उन्होंने तो सफलता इसलिए हासिल की ताकि एक दिन करतार को अपना बॉडीगार्ड बना सकें। वहीं करतार ने भी इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने उस समय सचमुच मीका को यह कहकर मना कर दिया था।
इस बातचीत के दौरान मीका सिंह ने अपनी सफलता के पीछे के आध्यात्मिक जुड़ाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके पिता गुरुद्वारों में कीर्तन किया करते थे जिससे बचपन से ही उन्हें और उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी को संगीत का माहौल मिला। मीका ने कहा कि पंजाब के कई गायकों की तरह उन्होंने भी गुरुद्वारों से ही संगीत की शुरुआती शिक्षा ली। उस समय वह कीर्तन के दौरान तबला बजाया करते थे।
मीका सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने जीवन का एक खास सपना पूरा किया है। उनके दिल्ली स्थित फार्महाउस में एक गुरुद्वारा बना हुआ है जहां 24 घंटे पाठ चलता रहता है। जब फराह खान ने उनकी बैड बॉय इमेज को लेकर सवाल किया तो मीका ने साफ कहा कि वह शुरू से ही काफी धार्मिक स्वभाव के रहे हैं।
अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए मीका ने बताया कि वह कभी अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के महाराजा बैंड में गिटार बजाते थे और बैकस्टेज का काम संभालते थे। बाद में जब उन्होंने अपना पहला सोलो एल्बम सावन में लग गई आग बनाने का फैसला किया और बैंड से अलग हुए तो दलेर मेहंदी इस फैसले से भावुक हो गए थे। एक शो में दलेर मेहंदी ने खुद बताया था कि मीका के अलग होने के बाद वह चार दिनों तक रोते रहे थे। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने अपने छोटे भाई का पूरा साथ दिया और उनका पहला स्टूडियो सेट करने में भी मदद की। यही संघर्ष पारिवारिक समर्थन और आध्यात्मिक जुड़ाव आज मीका सिंह की सफलता की असली कहानी बन चुका है।
