ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम थानवरा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला और पुरुष के शव गांव स्थित पुराने घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों की पहचान सोमवती (27) पत्नी बाबूलाल और महेंद्र पुत्र प्रगीलाल कुशवाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में भाभी-देवर थे और उनके बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। सूचना मिलते ही जखौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवती की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी, जबकि महेंद्र की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी। महेंद्र की तीन छोटी बेटियां भी हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों 29 अगस्त से लापता थे। सोमवती के परिजनों ने उसी दिन थाना जखौरा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं सोमवती के पति बाबूलाल ने 30 अगस्त को मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित बागसेवनिया थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
दूसरी ओर महेंद्र के परिजनों ने भी 30 अगस्त को जखौरा थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। दोनों परिवार अपने स्तर से उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोमवार सुबह गांव के पुराने घर में दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इनका है कहना
सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों शादीशुदा थे और उनके बीच पहले से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
