सीडीओ बोले- दौड़ अब सिर्फ जीतने के लिए नहीं, समाज में बदलाव के लिए होगी
झांसी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से 1 सितंबर को बरुआसागर में छह किलोमीटर की ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत जन जागरूकता रन’ आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि अब दौड़ सिर्फ जीतने के लिए नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देने के लिए होगी। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत आयोजित छह किलोमीटर वॉकथॉन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए, ताकि युवा वर्ग स्वस्थ जीवन और जागरूक समाज का संदेश दे सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बना सकते हैं।
सीडीओ ने छह किलोमीटर के रूट को देखते हुए सीएमओ को चिकित्सकों और एंबुलेंस टीम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगरपालिका बरुआसागर को बस स्टैंड, जहां से दौड़ का शुभारंभ और समापन होना है, समेत पूरे रूट पर साफ-सफाई कराने तथा सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए।
दौड़ के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस व यातायात विभाग को आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। बैठक के अंत में सीडीओ ने अधिकारियों को स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
बैठक में सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, एसीएमओ डॉ. एनके जैन, गुरदीप सिंह, श्वेता राय, शिवानी राय सहित नगरपालिका बरुआसागर, यातायात पुलिस और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
