30-31 अगस्त को दो दिवसीय आयोजन, 106 सदस्यीय कार्यसमिति सहित करीब 350 डेलिगेट्स होंगे शामिल
ओरछा/झांसी। श्रीरामराजा सरकार की नगरी ओरछा एक बार फिर बड़े राजनीतिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। करीब 14 साल बाद ओरछा में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है। 30 और 31 अगस्त को होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्यों सहित करीब 300 से 400 डेलिगेट्स और पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को ओरछा पहुंचे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भोपाल में होने वाली बैठकों में पदाधिकारी दोपहर करीब 12 बजे आते हैं और शाम तक बैठक समाप्त हो जाती है, लेकिन ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिनों की होगी। इस दौरान औपचारिक कार्यक्रमों के साथ भोजन सहित अन्य अवसरों पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को आपस में संवाद करने तथा एक-दूसरे से मिलने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों का आयोजन हर दो-तीन महीने में होना चाहिए। परिस्थितियों और कार्यसमिति की संख्या अधिक होने के कारण कई बार बैठकों में अंतर बढ़ जाता है, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए ऐसी बैठकें नियमित रूप से होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सागर, ग्वालियर और सिंगरौली में भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें आयोजित हो चुकी हैं, लेकिन ओरछा में होने वाला आयोजन कई मायनों में खास है।

पद से पहले, पद पर रहते और पद के बाद भी कार्यकर्ता बने रहें
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति को हमेशा कार्यकर्ता की भावना के साथ काम करना चाहिए। पद मिलने से पहले, पद पर रहते हुए और पद से हटने के बाद भी कार्यकर्ता की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और गंभीरता से निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 300 से 400 तक डेलिगेट्स पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं को ऐसी मेहमाननवाजी करनी चाहिए कि ओरछा की यह कार्यसमिति लंबे समय तक यादगार बनी रहे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को परिचय बढ़ाने में अपना समय खराब करने के बजाय अपनी जिम्मेदारी पर पूरा ध्यान देना चाहिए। जिम्मेदारी का बेहतर ढंग से निर्वहन करने पर परिचय अपने आप बढ़ता चला जाता है।
कई प्रदेश पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे ओरछा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि ओरछा पहुंच चुके हैं। इनमें प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, शैलेंद्र बरुआ और नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव, प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह व लोकेंद्र पाराशर, जिला प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, महाराणा प्रताप बोर्ड अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, सहकारिता अध्यक्ष संजय नगाइच, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, विधायक अनिल जैन, जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, विधायक हरिशंकर खटीक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पवन दुबे, विशाल बत्रा, बृज गोपाल गोयल और शिवपुरी जिला प्रभारी नंद किशोर नापित सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। अब 30 और 31 अगस्त को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
