इम्मॉर्टल इस लिस्ट में सबसे पहले आने वाली फिल्मों में शामिल है। यह तमिल फैंटेसी हॉरर थ्रिलर फिल्म है जो 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन मरियप्पन चिन्ना ने किया है और इसमें जीवी प्रकाश कुमार तथा कयादु लोहार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि जीवी प्रकाश कुमार के करियर की यह 25वीं फिल्म बताई जा रही है। फिल्म में हॉरर के साथ फैंटेसी और थ्रिल का भी तड़का देखने को मिलेगा।
इसके बाद डेमोंटे कॉलोनी 3 दर्शकों को डराने के लिए तैयार है। तमिल हॉरर फ्रेंचाइजी की यह तीसरी फिल्म 10 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका निर्देशन आर अजय ज्ञानमुथु ने किया है। फिल्म में अरुलनिथि, प्रिया भवानी शंकर, गुरु सोमसुंदरम और मीनाक्षी गोविंदराजन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। डेमोंटे कॉलोनी नाम पहले से ही हॉरर फिल्मों के दर्शकों के बीच पहचान रखता है ऐसे में तीसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता स्वाभाविक है।
ओडिया सिनेमा भी हॉरर के मामले में पीछे नहीं है। दहान: द इविल विद इन 11 सितंबर 2026 को गणेश पूजा के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके बाद कंकना 18 सितंबर को दर्शकों के सामने आएगी। यह ओडिया फैंटेसी थ्रिलर हॉरर फिल्म है जिसका निर्देशन पृथ्वीराज पटनायक ने किया है। फिल्म में सुप्रिया नायक सूर्यमई मोहपात्रा अंकिता मोहंती और चौधरी जयप्रकाश दास जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
हिंदी सिनेमा की बात करें तो नई नवेली भी हॉरर लवर्स के लिए खास होने वाली है। यह हॉरर कॉमेडी फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है और इसमें यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का पोस्टर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। यामी इससे पहले भूत पुलिस जैसी हॉरर कॉमेडी फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं।
लिस्ट में शक्ति शालिनी का नाम भी शामिल है। यह एक अपकमिंग हॉरर फिल्म है जिसमें रिपोर्ट्स के मुताबिक अनीत पड्डा मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं। अनीत पड्डा ने सैयारा से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और अब हॉरर जॉनर में उनका नया अंदाज देखने को मिल सकता है। हालांकि फिल्म से जुड़ी कई जानकारियां अभी सामने आना बाकी हैं।
कुल मिलाकर 2026 का आने वाला दौर हॉरर फिल्मों के चाहने वालों के लिए काफी रोमांचक रहने वाला है। तमिल की फैंटेसी हॉरर से लेकर ओडिया की डरावनी कहानियों और हिंदी हॉरर कॉमेडी तक दर्शकों के पास थिएटर में डर और रोमांच का मजा लेने के कई विकल्प होंगे।
