झांसी। महानगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम जीवनशाह चौराहा और जेल चौराहा पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अगुवाई में अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम ने दोनों चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क किनारे नो-पार्किंग में खड़े वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों के आसपास प्रतिष्ठान संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों की पार्किंग न कराने को कहा। डीएम ने कहा कि अनियंत्रित तरीके से खड़े दोपहिया वाहनों के कारण यातायात बाधित होने के साथ पैदल यात्रियों को भी परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है।
उन्होंने रोड सेफ्टी के निर्धारित मानकों के अनुरूप चौराहों के आसपास चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही नो-पार्किंग जोन का सख्ती से पालन कराने और दुकानदारों व आमजन को पार्किंग नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग को चौराहों के आसपास लटक रहे विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से जल्द कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीवनशाह चौराहा शहर की पहचान है और इसे जाममुक्त, सुंदर एवं सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, जेडीए सचिव गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी रजनीश गुप्ता, एई पीडब्ल्यूडी संदीप शर्मा, सीओ यातायात सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
