उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। एमबीबीएस, स्नातकोत्तर और विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा की सीटों में लगातार वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के साथ सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा राज्य के भीतर उपलब्ध कराना है, ताकि बेहतर इलाज के लिए लोगों को दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बदलती परिस्थितियों में बीमारियों का बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं रखा जा सकता। बीमारी की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता को भी समान महत्व देना जरूरी है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकारी प्रयासों को प्रभावी बनाने में समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के लगातार सहयोग की सराहना की और कहा कि पूर्व छात्रों का अपनी संस्था से जुड़ाव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम के दौरान गांधी मेडिकल कॉलेज में मल्टीडिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड का भी शुभारंभ किया गया। इसके तहत कैंसर उपचार से जुड़े अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ मिलकर मरीज के मामले पर विचार करेंगे और उपचार की समन्वित रणनीति तैयार करेंगे। इससे मरीजों को अलग-अलग विभागों के बीच भटकने की आवश्यकता कम होने और उपचार प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनने की उम्मीद है।
राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों से सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
एलुमनाई एसोसिएशन ने स्थापना दिवस पर करीब 9,000 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना कॉलेज को समर्पित किया। इसकी अनुमानित लागत करीब 35 लाख रुपये बताई गई। इसे विद्यार्थियों में फिटनेस, टीमवर्क, अनुशासन और तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी पहल माना गया।
एलुमनाई एसोसिएशन ने कॉलेज और छात्र हित के भविष्य के विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपये का स्थायी कॉर्पस फंड भी तैयार किया है। समारोह में स्वच्छता जागरूकता प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्थापना दिवस पर कॉलेज के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की गई।
