रिपोर्ट के मुताबिक यह फीचर फिलहाल टेस्टिंग फेज में है और बीटा वर्जन में इसके संकेत मिले हैं। इसकी खास बात यह है कि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए ऑन-डिवाइस मशीन लर्निंग का इस्तेमाल किया जाएगा। यानी फीचर का विश्लेषण यूजर के स्मार्टफोन पर ही किया जा सकता है। ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग का मकसद प्राइवेसी को बनाए रखते हुए सुरक्षा बढ़ाना है। WhatsApp पहले भी संदिग्ध URL की पहचान के लिए डिवाइस पर चलने वाली तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दे चुका है।
नए Scam Alert सिस्टम का फोकस खासतौर पर अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेज पर बताया जा रहा है। अगर किसी बातचीत में ऐसा पैटर्न दिखाई देता है जो आम साइबर स्कैम से मिलता-जुलता हो तो सिस्टम यूजर को चेतावनी दिखा सकता है। उदाहरण के लिए अगर कोई व्यक्ति अचानक निजी जानकारी मांग रहा है या किसी भुगतान के लिए दबाव बना रहा है अथवा तुरंत कोई कार्रवाई करने के लिए कह रहा है तो ऐसी गतिविधि को संदिग्ध माना जा सकता है।
इस फीचर का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि यूजर को केवल चेतावनी देकर छोड़ने के बजाय आगे की कार्रवाई के विकल्प मिल सकते हैं। Warning Banner दिखाई देने के बाद यूजर उस चैट को ब्लॉक कर सकता है या उसे रिपोर्ट कर सकता है। अगर यूजर को लगता है कि चेतावनी सही नहीं है तो उसे हटाने का विकल्प भी उपलब्ध हो सकता है। इससे खासतौर पर उन लोगों को मदद मिल सकती है जो साइबर ठगी के नए तरीकों को पहचानने में मुश्किल महसूस करते हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस Scam Alert सिस्टम को यूजर को मैनुअली एक्टिवेट करना पड़ सकता है। इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर संबंधित विकल्प को चालू करना होगा। जरूरत पड़ने पर इसे बंद भी किया जा सकेगा। हालांकि फीचर अभी टेस्टिंग में है इसलिए अंतिम वर्जन में इसके विकल्प और काम करने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है।
आज के समय में WhatsApp साइबर ठगों के लिए संपर्क का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। फर्जी नौकरी का ऑफर हो या बैंक और इनकम टैक्स से जुड़ा डर दिखाने वाला मैसेज या फिर निवेश के नाम पर लालच देने वाली बातचीत स्कैमर्स लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में WhatsApp का यह फीचर सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत दे सकता है। हालांकि किसी भी Warning के बावजूद यूजर को खुद भी सावधानी बरतनी होगी। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और OTP पासवर्ड बैंक डिटेल या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
