झांसी। डबरा में सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत के करीब 18 दिन बाद उसके परिजनों ने मामले में नया मोड़ ला दिया है। युवती की मां की शिकायत पर सीपरी बाजार थाना पुलिस ने तीन युवतियों सहित सात दोस्तों के खिलाफ बहला-फुसलाकर साथ ले जाने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मसीहागंज क्षेत्र के नाथ की कोठी मोहल्ले की रहने वाली नेहा सेन (18) 12 जुलाई को अपनी एक सहेली के साथ घर से निकली थी। परिजनों को बताया गया था कि वे परिवार के लोगों के साथ जा रही हैं, लेकिन बाद में पता चला कि वह अपने दोस्तों के साथ बाइक और स्कूटी से डबरा घूमने गई थी।
डबरा में हुए सड़क हादसे में नेहा और उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए थे। साथ मौजूद दोस्तों ने दोनों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान 15 जुलाई को नेहा की मौत हो गई।
मां ने लगाए साजिश के आरोप
नेहा की मां रेखा का आरोप है कि उनकी बेटी को साजिश के तहत बहाने से घर से ले जाया गया। उनका कहना है कि घटना के बाद अलग-अलग लोगों ने यात्रा को लेकर अलग-अलग जानकारी दी। किसी ने ट्रेन से जाने की बात कही, तो किसी ने बाइक से जाने की, जिससे पूरे मामले पर संदेह पैदा हुआ। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सात लोगों के खिलाफ एफआईआर
सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर निर्जला, वर्षा, रिष्टि, राजा, अभय, कृष्णा और अरुण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
