झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने झांसी दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सपा शासन को भूल नहीं पाई है और भविष्य में भी पार्टी को सत्ता में आने का अवसर नहीं मिलेगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 2012 से 2017 के दौरान प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता, जमीनों पर कब्जे, वसूली और खराब कानून-व्यवस्था से आम जनता परेशान थी। इसी वजह से लोगों ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सत्ता सौंपी।
उन्होंने बिहार की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की जनता ने भी पुराने ‘जंगलराज’ के अनुभव को देखते हुए लालू प्रसाद यादव के बेटे को जनादेश नहीं दिया। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में भी लोगों के मन में समाजवादी पार्टी के शासन की छवि ऐसी ही बनी हुई है।
इसी दौरान मंत्री ने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा, “अभी आपको दस साल हुए हैं। बुढ़वा जाओगे, लेकिन सत्ता में नहीं आ पाओगे।”
जयवीर सिंह झांसी में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बयान दिया।
