झांसी। झांसी रेल मंडल ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए छह मेमू ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब तक आठ कोच के साथ संचालित होने वाली इन ट्रेनों में चार अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। इसके बाद 5 अगस्त से सभी छह मेमू ट्रेनें 12 कोच के साथ संचालित होंगी।
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मेमू ट्रेनों में लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला लिया है, जिससे सफर अधिक सुविधाजनक होगा और ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम किया जा सकेगा।
रेलवे के अनुसार, इस निर्णय से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय यात्रियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्रियों को बैठने और यात्रा करने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
इन मेमू ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच
5 अगस्त से निम्नलिखित मेमू ट्रेनों का संचालन 12 कोच के साथ किया जाएगा-
64610 – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–खजुराहो मेमू
64609 – खजुराहो–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू
64647 – खजुराहो–ललितपुर मेमू
64648 – ललितपुर–खजुराहो मेमू
64649 – महोबा–खजुराहो मेमू
64650 – खजुराहो–महोबा मेमू
रेलवे का मानना है कि कोच बढ़ने से ट्रेनों में भीड़ कम होगी और यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
