झांसी। गुरुवार को बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय झाँसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई 06 के स्वयंसेवक सात दिवसीय विशेष शिविर के लिए उत्साहपूर्वक रवाना हुए। शिविर का आयोजन निकटवर्ती ग्राम कोछांभावर में किया जा रहा है, जहाँ स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। इस शिविर में लगभग 50 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में हुआ। कुलपति जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवक स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा प्रसार, नशा मुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
कुलसचिव एवं समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय झाँसी ज्ञानेन्द्र कुमार शुक्ल ने बताया कि इस सात दिवसीय शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और उनमें नेतृत्व, अनुशासन तथा सेवा भावना का विकास होगा।
अधिष्ठाता कला संकाय प्रो पुनीत विसारिया ने भी शिविर के लिए स्वयं सेवकों का उत्साहवर्धन किया. स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ शिविर में भाग लेने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्रीहरि त्रिपाठी, डॉ अमित तिवारी, विपिन प्रसाद, नवीनचंद पटेल, रिचा, गरिमा, सुनीता, सुधा, राघवेंद्र, राम नरेश द्युतिमालिनी , मनीष आदि उपस्थित रहे।
