झांसी। झांसी के प्रसिद्ध मेहंदी बाग स्थित श्री राम जानकी मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शिष्य उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर के भावी महंत प्रेम नारायण दास का उनके शिष्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन किया। शिष्यों ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मंदिर के पुजारी विजय वल्लभ ने भगवान श्रीराम, माता जानकी और गुरु की भव्य आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान पूरा मंदिर भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर महंत प्रेम नारायण दास ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु और शिष्य के अटूट संबंध का प्रतीक है। गुरु ही शिष्य के जीवन से अज्ञान, भ्रम और बुराइयों को दूर कर उसे ज्ञान, सत्य और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही जीवन सफल और सार्थक बनता है।
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर को फूलों और दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव में भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया।
