कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 26 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का आयोजन 22 हजार से अधिक बूथों पर एक साथ करेगी। सुबह 11 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में बूथ समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस संबंध में शुक्रवार दोपहर क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि सभी बूथों पर कार्यक्रम के बाद बूथ स्तर की बैठकें भी आयोजित होंगी, जिनमें पदाधिकारियों को डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली की बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को भी मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद आयोजित होने वाली बूथ बैठकों में बूथ समितियों को पार्टी के बूथ स्तरीय डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बूथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
राम किशोर साहू ने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रत्येक बूथ पर कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के वीर जवानों के साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगा।
बैठक में क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली के सदस्य हर्ष द्विवेदी, पवन पांडेय, मोहित सोनकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
