लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम सेक्टर-एफ स्थित एक फार्मास्युटिकल कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस में गुरुवार सुबह एसी में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार्यालय का अधिकांश फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (बीकेटी) प्रशांत कुमार ने बताया कि सुबह 9:34 बजे सेक्टर-एफ स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बी-2/22 भवन में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद एफएसओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में दो फायर टेंडर तत्काल मौके पर भेजे गए। आग भवन के भूतल पर स्थित ऑफिस में लगी थी। दमकल कर्मियों ने मुख्य गेट का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
कंपनी की एजेंसी संचालक नीलम महरोत्रा ने बताया कि उनकी फार्मास्युटिकल कंपनी अकॉस्ट्स रेमेडीज का मुख्य कार्यालय और गोदाम ट्रांसपोर्ट नगर में है, जबकि जानकीपुरम स्थित परिसर में नीलम इंटरप्राइजेज के नाम से कॉर्पोरेट ऑफिस संचालित होता है। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सफाईकर्मी खुशबू ऑफिस पहुंची और एसी चालू करने के बाद सफाई शुरू की। इसी दौरान एसी से तेज आवाज के साथ धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए वह तुरंत बाहर निकल गई और नीलम महरोत्रा को घटना की सूचना दी। नीलम ने उसे सभी एमसीबी बंद कर सुरक्षित बाहर रहने के निर्देश दिए और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
