महोबा। यूपी के महोबा जनपद में हनुमान मंदिर के पुजारी के सनसनीखेज हत्याकांड का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्यारे ने पड़ोसी को फंसाने के लिए उसकी नाम की डायरी बना पुजारी की हत्या कर शव के पास डायरी फेंककर फरार हो गया था। एसपी ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रूपये के ईनाम की घोषणा की है।

जिले के एसपी शशांक सिंह ने बुधवार को सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 18 जुलाई शनिवार को कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के बेलाताल कस्बा स्थित फूलबाग हनुमान मंदिर के पुजारी उदित नारायण मिश्र की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी।
घटना की सूचना पर अपर एसपी वंदना सिंह एवं सीओ अनुरुद्ध कुमार द्वारा पुलिस एवं फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। घटना के खुलासा के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।जांच के दौरान घटना स्थल से बरामद एक छोटी डायरी एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कस्बा के ही खदियापुरा निवासी कल्लू जोगी (80) के मंदिर के आसपास पाए जाने की जानकारी हासिल हुई। जिसे पुलिस ने खेत पर बने उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा एवं अन्य सामान बरामद किया है।
एसपी शशांक सिंह के अनुसार हत्यारोपित कल्लू जोगी ने पूछताछ में बताया कि 2013 में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। जिसमें मुंशी ने उसके खिलाफ गवाही दी थी, जिससे उसे आजीवन सजा हुई थी। जिससे मुंशी एवं उसके परिवार से रंजिश मानता था। जिसको फंसाने के लिए उसने खौफनाक साजिश रच डाली और मुंशी के नाम की डायरी तैयार कर हत्या कर उसे शव के नीचे रख दिया ताकि पुलिस की जांच की सुई मुंशी की तरफ घूम जाए और उसे सजा हो जाए। जिससे उसका बदला पूरा हो जाएगा।
पुलिस टीम को 25 हजार रूपये ईनाम की घोषणा
एसपी ने बताया कि पुलिस ने गहनता से जांच कर मामले का खुलासा किया है। खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रूपये के ईनाम की घोषणा की है। पुलिस टीम में एसएचओ कुलपहाड़ अवधेश मिश्रा, एसआई सुजीत जायसवाल, एसआई रमेशकांत त्रिपाठी व सर्विलांस एवं स्वाट टीम से एसआई शिवप्रताप सिंह एवं एसआई विवेक यादव शामिल रहे हैं।
