लिपिक पदस्थ न होने से ब्लॉक बामौर के प्रभावित हो रहे कार्यों से कराया अवगत
झांसी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। विकास खण्ड बामौर के शिक्षकों के चयन वेतनमान, चयन वेतनमान के अवशेष देयकों के भुगतान और रोकी गई वेतनवृद्धि बहाली की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बामौर के 20 जुलाई को प्रेषित पत्र पर ध्यानाकर्षित कराते हुए माह मई, जून और जुलाई के लम्बित चयन वेतनमान स्वीकृत करने, पूर्व में स्वीकृत चयन वेतनमान के अवशेष देयक का शीघ्र भुगतान करने, अपूर्ण निपुण आकलन के आधार पर रोकी गई शिक्षकों की वेतनवृद्धि तत्काल बहाल करने की मांग की। ब्लॉक बामौर में लिपिक पदस्थ न होने से खण्ड शिक्षाधिकारी कार्यालय के प्रभावित हो रहे कार्यों से अवगत कराया।
बड़ागांव ब्लॉक में हेल्थ कार्ड बनाने में खण्ड शिक्षाधिकारी अनुदेशकों को साठ वर्ष की आयु तक सेवा न मानकर ग्यारह महीने की सेवाओं के अनुरूप किया जा रहा है। जबकि अन्य ब्लॉक में मानव सम्पदा पोर्टल के अनुरूप साठ वर्ष तक की सेवा के हिसाब से हेल्थ कार्ड बनाया जा रहा है। इसके साथ ही टीसी पर काउंटर साइन के लिए ब्लॉक के खण्ड शिक्षाधिकारी और मुख्यालय के खण्ड शिक्षाधिकारी से कराने की व्यवस्था की जटिलता को दूर करते हुए केवल मुख्यालय के खण्ड शिक्षाधिकारी को इसके लिए नामित किया जाए, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक चक्कर न काटना पड़े। वहीं बंगरा में पदस्थ एक अध्यापक द्वारा कूटरचित ढंग से पूर्व बीएसए के नाम से पत्र खण्ड शिक्षाधिकारी कार्यालय बंगरा में रिसीव कराया। जबकि तत्कालीन बीएसए ने इस पत्र पर उनके फर्जी हस्ताक्षर होने की जानकारी दी।
इस जालसाजी के द्वारा उक्त अध्यापक की मंशा माह जुलाई में शिक्षकों की वेतनवृद्धि रुकवाकर अवैध उगाही की रही। अध्यापकों पर इस प्रकार से शोषण करने की मंशा रखने वाले अध्यापक पर कार्यवाही की मांग की गई। इस दौरान जिला प्रवक्ता अब्दुल नोमान, संयुक्त मंत्री शिवकुमार पाराशर, कोषाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, प्रवीण रावत, आनन्द मोहन मिश्रा, उमेश पाराशर,मनोज चौरसिया,अनुराग वाजपेई, शशांक अमरया भूपेश राय, मनुजा द्विवेदी, मंजू वर्मा, उमाशंकर श्रीवास, रूकसाना बेगम, धीरेन्द्र श्रीवास, देवी प्रसाद, देवेन्द्र वर्मा नीरज जोशी, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।
