झांसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दिल्ली में गिरफ्तारी के विरोध और जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने इलाईट चौराहे पर प्रदर्शन का प्रयास किया। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन रोकते हुए कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नवाबाद थाने ले गई।

हिरासत में लिए गए नेताओं में सपा प्रदेश सचिव एवं पीडीए नेता महेश कश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, विश्व प्रताप यादव (जिलाध्यक्ष, युवजन सभा), अनस मकरानी (महानगर अध्यक्ष, लोहिया वाहिनी), स्वदेश सिंह यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष, छात्र सभा), सत्येंद्र पुरी (जिलाध्यक्ष, व्यापार सभा), अभिषेक दीक्षित (विधानसभा अध्यक्ष, लोहिया वाहिनी), हामिद मकरानी (राष्ट्रीय सचिव, अधिवक्ता सभा), राहुल माल्या, डॉ. रघुवी चौधरी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, समाजवादी बाबा वाहिनी) एवं मनोज दुबे थलौरा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध जताया। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियातन कार्रवाई की गई। कुछ समय तक इलाईट चौराहे पर हलचल रही, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
