झांसी। ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी किशन पांचाल से 24.90 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरक्षी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दतिया निवासी आरक्षी नीरज राजपूत को मंगलवार को पकड़कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसकी निशानदेही पर 12 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि गणेश विहार कॉलोनी निवासी मुंशी किशन पांचाल से हुई डकैती की जांच में तीन पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आई थी। इससे पहले आरक्षी राघवेंद्र राजपूत (जखौरा, ललितपुर) और आरक्षी मनोज कुमार (मड़ावरा, ललितपुर) को सोमवार को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ में नीरज राजपूत ने बताया कि वारदात के समय वह छुट्टी लेकर अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान आरक्षी राघवेंद्र राजपूत ने उसे फोन कर झांसी बुलाया और कहा कि केवल आधे घंटे का काम है तथा किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
नीरज के अनुसार, राघवेंद्र के कहने पर वह पुलिस वर्दी पहनकर झांसी पहुंचा, जहां उसे सीधे घटनास्थल पर ले जाया गया। वारदात के बाद वह वापस अपने गांव लौट गया। उसने यह भी बताया कि राघवेंद्र के कहने पर उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न की जा सके।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक मुख्य साजिशकर्ता खुशीपुरा निवासी सूर्यांश यादव, आरक्षी राघवेंद्र राजपूत, गौरव यादव, सुखबीर सिंह, सूरज सिंह, आरक्षी मनोज कुमार और आरक्षी नीरज राजपूत सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अब तक 24.50 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अब इस मामले में फरार सूर्यांश यादव के मौसेरे भाई अंकित यादव की तलाश कर रही है। इसके अलावा सट्टा कारोबार से जुड़े सतना निवासी नितिन तेजवानी और संस्कार तेजवानी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
