झांसी। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेशभर में पीसीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस क्रम में झांसी में तैनात आठ उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) का अन्य जनपदों में स्थानांतरण किया गया है, जबकि विभिन्न जिलों से सात एसडीएम की तैनाती झांसी में की गई है।
तबादलों के बाद झांसी की कई तहसीलों में प्रशासनिक व्यवस्था बदल जाएगी। शासन के आदेश के अनुसार, एसडीएम यदुवीर सिंह को लखीमपुर खीरी, अवनीश कुमार तिवारी को महोबा, गौरव आर्या को बदायूं, गोपेश तिवारी को बलिया, अजय कुमार यादव को प्रतापगढ़, शना अख्तर मंसूरी को चित्रकूट तथा श्वेता साहू को फर्रुखाबाद भेजा गया है। इन सभी अधिकारियों को उनके नए जनपदों में उप जिलाधिकारी के पद पर ही तैनात किया गया है। इसके अलावा, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में विशेष कार्याधिकारी के रूप में तैनात लालकृष्ण का तबादला अयोध्या में एसडीएम पद पर किया गया है।
वहीं, झांसी में नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों में लखीमपुर खीरी से शुभेंदु शेखर सिंह, बहराइच से लालधर सिंह यादव, बलरामपुर से अभय कुमार सिंह, श्रावस्ती से संजय कुमार, अमेठी से आशीष कुमार सिंह, कौशांबी से माज अख्तर तथा यूपीडा, लखनऊ में विशेष कार्याधिकारी रहे देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। इन सभी अधिकारियों को उप जिलाधिकारी के पद पर झांसी में नियुक्त किया गया है। इन तबादलों के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा होगा।
