समापन सत्र में कैडेट्स का हुआ उत्साहवर्धन
झांसी। 32 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-189) के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कंपनियों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, एकल प्रस्तुति एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता की प्रशंसा की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने शिविर के वातावरण को उत्साह एवं ऊर्जा से भर दिया।

इसके उपरांत अगले दिवस समापन सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें शिविर कमांडर कर्नल अभय सिंह देव ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती है।
कर्नल अभय सिंह देव ने शिविर के दौरान कैडेट्स द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
