अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नया नाम ‘मां ज्वाला जी’ होगा, जबकि भदरसा नगर पंचायत को अब ‘भरतनगर-भरत कुंड’ के नाम से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद सोहावल विकासखंड परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह घोषणा की।
मंच से किए नाम परिवर्तन के ऐलान
सीएम योगी ने कहा कि लंबे समय से खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला जी के नाम पर रखने की मांग की जा रही थी। सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए अब इस नगर पंचायत को ‘मां ज्वाला जी’ नाम देने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर ‘भरतनगर-भरत कुंड’ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नाम भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत की स्मृति और उनके त्याग को सम्मान देने के उद्देश्य से रखा गया है।
भरत के त्याग का किया उल्लेख
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के वनवास के दौरान भरत ने 14 वर्षों तक भरत कुंड के निकट रहकर उनके आदेश का पालन किया और श्रीराम की चरण पादुकाओं के माध्यम से अयोध्या का शासन चलाया। उन्होंने कहा कि भरत जैसा भाई मिलना दुर्लभ है और अयोध्या का सौभाग्य है कि इस भूमि ने भगवान राम के साथ लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जैसे आदर्श चरित्र भी दिए।
अयोध्या की वैश्विक पहचान का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और दुनिया में अयोध्या की अलग पहचान बन चुकी है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायतों के नामों में बदलाव किया गया है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ने के लिए लोगों को इकट्ठा करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करा सकती है।
