झांसी। शासन के निर्देशों एवं नगर आयुक्त के आदेश के अनुपालन में बुधवार को नगर निगम ने शहर में अवैध विज्ञापन पटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने विभिन्न जोनों में सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग, कटआउट और कियोस्क हटाकर कार्रवाई की।
नगर निगम द्वारा चलाए गए अभियान के तहत सीमान्तर्गत पिछोर, हंसारी और लहरगिर्द सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनाधिकृत रूप से बल्लियों पर लगाए गए विज्ञापन पटों को हटाया गया। अभियान के दौरान कुल 178 अवैध विज्ञापन पट हटाए गए, जिनमें 8 होर्डिंग, 30 कटआउट और 140 कियोस्क शामिल हैं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग और विज्ञापन पट न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए भी बाधा बनते हैं। ऐसे अवैध विज्ञापनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं से अपील की कि नगर निगम की अनुमति के बिना किसी भी सार्वजनिक स्थल, चौराहे अथवा मुख्य मार्ग पर होर्डिंग, कटआउट या अन्य विज्ञापन सामग्री न लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत विज्ञापन पटों के विरुद्ध नियमित अभियान जारी रहेगा।:::
