मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश ने बताया कि वह रात में मंदिर परिसर में बने कमरे में सो रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने गांव के सतीश जाटव नामक युवक को मंदिर की ओर से तेजी से जाते हुए देखा। इसके बाद जब वह मंदिर के भीतर पहुंचे तो माता मंदिर, भगवान शंकर के स्थान और परिसर के अन्य हिस्सों में गंदगी फैली हुई मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सतीश जाटव नामक युवक को हिरासत में लिया। जब पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले जा रही थी, तब उसके परिजनों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस युवक को अपने साथ ले गई।
दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक के परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए मेडिकल दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना के बाद लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
