मासिक बैठक में सद्बुद्धि यात्रा और ब्लॉक सम्मेलनों की तैयारियों पर बनी रणनीति
झांसी। शहर कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन से सम्मानित होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर राहुल रिछारिया ने कहा कि लंदन में मिला सम्मान उनके लिए इसलिए सबसे खास है क्योंकि उन्हें यह सम्मान एक कांग्रेसी के रूप में प्राप्त हुआ। उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए लंदन में हुए कार्यक्रम के अनुभव कांग्रेस परिवार के साथ साझा किए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। 7 जुलाई 2026 को निकाली जाने वाली सद्बुद्धि यात्रा का रूट मैप तय किया गया। इसके अलावा लक्ष्मण राव कदम ब्लॉक सम्मेलन 14 जुलाई तथा हंसारी ब्लॉक सम्मेलन 19 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
मनोज गुप्ता ने कहा कि राहुल रिछारिया का अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना झांसी ही नहीं बल्कि पूरे बुंदेलखंड और कांग्रेस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि विश्व के 72 देशों से 150 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें भारत से केवल 18 प्रतिनिधियों का चयन हुआ। राहुल रिछारिया उन चुनिंदा प्रतिनिधियों में शामिल रहे और उन्हें कार्यक्रम में अपने विचार रखने का भी अवसर मिला।
बैठक एवं स्वागत समारोह में पूर्व मेयर प्रत्याशी अरविंद बबलू, पंकज मिश्रा, राजकुमार सेन, अशोक कंसोरिया, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, उमा पाठक, शिवनाथ सिंह कुशवाहा, मनोज सोनी, संकल्प अग्रवाल, बृजमोहन बृजवासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
