53 वें जन्मदिन पर 58 किग्रा पीतल की साइकिल भेंट की
बोले- ‘भैया के लिए 100-200 भी लगा दूंगा’
झांसी। झांसी के समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और किसान सीताराम यादव उर्फ कन्हैयालाल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो 1 जनवरी 2026 का है, जिसमें वह लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने पुशअप लगाते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि अखिलेश यादव स्वयं उनके पुशअप की गिनती करते दिखाई दिए।

सीताराम ने बताया कि वह उस दिन पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 38 किलोग्राम वजनी पीतल की प्रतिमा भेंट करने लखनऊ पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि मुलायम सिंह धरती पुत्र होने के साथ पहलवान भी थे और वह स्वयं भी पहलवानी करते हैं। इस पर अखिलेश यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि फिर पुशअप लगाकर दिखाइए।
इसके बाद सीताराम ने अपना मोबाइल और घड़ी टेबल पर रखी, मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा को प्रणाम किया और पुशअप लगाना शुरू कर दिया। अखिलेश यादव उनके पुशअप गिनते रहे। चार पुशअप के बाद उन्होंने सीताराम को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कहा, “यहीं अखाड़ा बनेगा।” आखिरकार नौ पुशअप पूरे होने पर अखिलेश यादव ने उन्हें यह कहते हुए रोक दिया कि अब हाथ-पैर दुखने लगेंगे।
सीताराम ने बताया कि हाल ही में 1 जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन पर वह अलीगढ़ से बनवाई गई 58 किलोग्राम की पीतल की विशेष प्रतिमा लेकर लखनऊ पहुंचे थे। इस प्रतिमा में अखिलेश यादव साइकिल पर सवार दिखाई दे रहे हैं। भारी भीड़ के बावजूद अखिलेश यादव ने उन्हें पहचानकर बुलाया और प्रतिमा स्वीकार की। सीताराम का कहना है कि अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हैं और हमेशा उनका ध्यान रखते हैं।
50 वर्षीय सीताराम यादव झांसी के बड़े किसान होने के साथ-साथ बचपन से पहलवानी करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि वह आज भी प्रतिदिन एक से दो घंटे व्यायाम करते हैं और नियमित रूप से पुशअप लगाते हैं, जिसकी बदौलत खुद को पूरी तरह फिट रखते हैं।
समाजवादी पार्टी के झांसी जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला ने भी सीताराम यादव को पार्टी का समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और सीताराम लगातार क्षेत्र में पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं।
