झांसी। फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर बेचने तथा 27 लाख रुपये का अवैध लाभ अर्जित करने के आरोप में थाना रक्सा पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सीपरी बाजार के आदर्श नगर निवासी एवं वर्तमान में शिव मंदिर के पास थाना रक्सा क्षेत्र में रहने वाले दयाराम कुशवाह ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शिव मंदिर के पास स्थित उनकी भूमि का आराजी संख्या 1273 है। इसके बगल में आराजी संख्या 1275 की जमीन कालीचरण पुत्र भगवान दास की है।
दयाराम का आरोप है कि कालीचरण और उसका पुत्र अनिल उर्फ अन्नू अपनी अधिकांश जमीन पहले ही बेच चुके हैं। इसके बावजूद दोनों ने कथित रूप से फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनकी भूमि के दो प्लॉट अपनी संपत्ति बताकर बेच दिए। शिकायत के अनुसार, इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए आरोपियों ने करीब 27 लाख रुपये का आर्थिक लाभ अर्जित किया।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि इस मामले में पूर्व में की गई शिकायत पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने जांच कर अपनी आख्या में माना था कि दयाराम के दो प्लॉट गलत तरीके से बेचे गए हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
रक्सा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनिल उर्फ अन्नू और उसके पिता कालीचरण के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी उदय प्रताप का कहना है कि जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आरोपी अनिल उर्फ अन्नू भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा का पदाधिकारी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
