4 घंटे में डेढ़ दर्जन से अधिक गाड़ियों ने की मशक्कत
झांसी। शहर कोतवाली क्षेत्र के सबसे घनी आबादी वाले गांधी रोड स्थित एक पेंट की दुकान और उससे सटे गोदाम में लगातार तीन दिनों के भीतर चौथी बार आग लगने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बार-बार आग लगने से स्थानीय व्यापारियों और आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अब तक आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हर बार शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषगंज गांधी रोड निवासी सुनील चौधरी की कलर पेंट की दुकान है। दुकान से सटे गोदाम में रविवार दोपहर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, धुआं आग में बदल गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसके बाद सोमवार को दोपहर फिर उसी गोदाम में आग भड़क उठी। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन कुछ ही घंटों बाद सोमवार देर शाम एक बार फिर गोदाम में भीषण आग लग गई। लगातार दो बार आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के व्यापारियों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।

बुधवार शाम करीब चार बजे एक बार फिर गोदाम से घना धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लगातार चार बार आग लगने की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि गांधी रोड का यह इलाका बेहद घनी आबादी वाला है, जहां अधिकांश दुकानें और गोदाम एक-दूसरे से सटे हुए हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह घटना बड़े अग्निकांड का रूप ले सकती थी और भारी जन-धन की हानि हो सकती थी।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। हालांकि अभी तक किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं हो सकी है। बार-बार केवल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए व्यापारी विस्तृत तकनीकी जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
इनका है कहना
इस संबंध में मुख्य शमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि करीब चार घंटे होने को आए हैं। आग पर काबू पूरी तरह से नहीं पाया जा सका है। अब तक करीब दसियों दमकल गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जब तक पेंट पूरी तरह से जल नहीं जाता आग बुझने की संभावना कम जताई जा सकती है।
