ड्रोन ट्रेनिंग, फायरिंग, खेलकूद व प्रतियोगिताओं के जरिए होगा सर्वांगीण विकास
झांसी। 32 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी झांसी में सोमवार को दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-187) का शुभारंभ हुआ। शिविर में झांसी के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के 600 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अभय सिंह देव ने कैडेट्स को अनुशासन, एकता और उत्कृष्टता का संदेश देते हुए समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
कर्नल अभय सिंह देव ने कहा कि आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए शिविर में कैडेट्स को ड्रोन ट्रेनिंग देकर कुशल पायलट बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और आरामदायक आवास की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान सिम्युलेटर प्रैक्टिस, ड्रिल, मॉक ड्रिल, फायरिंग एवं हथियार संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं बास्केटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ क्विज, वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सा सहायता, अग्निशमन, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे सामाजिक कार्यों के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक और नेतृत्व कौशल विकसित हो सके।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर प्रेम सिंह, लेफ्टिनेंट वंदना याज्ञिक, लेफ्टिनेंट शारदा सिंह, सेकेंड ऑफिसर निशि, दीप्ति, जीसीआई ललिता, मोहिनी सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं सीटीओ उपस्थित रहे।
