झांसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को झांसी में नवनिर्मित सर्किट हाउस भवन का लोकार्पण किया। लगभग 452 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक भवन के लोकार्पण को झांसी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जिले में आने वाले वीवीआईपी, वीआईपी एवं अन्य अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन सर्किट हाउस का निर्माण पुराने सर्किट हाउस की क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा अतिथियों के लिए आधुनिक एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने बताया कि भवन में वीवीआईपी एवं वीआईपी अतिथियों के लिए पांच सुसज्जित सूट, स्टाफ के लिए 10 बेड की डोरमेट्री, 25 व्यक्तियों की क्षमता वाला मीटिंग हॉल तथा 24 लोगों के बैठने की व्यवस्था वाला डायनिंग हॉल बनाया गया है। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉड्यूलर रसोई भी विकसित की गई है।

लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने नवीन सर्किट हाउस परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को भवन के सुचारु संचालन एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सांसद अनुराग शर्मा, महापौर बिहारी लाल आर्य, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मि आर्य, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। नवीन सर्किट हाउस के लोकार्पण से झांसी की अतिथि सत्कार एवं प्रशासनिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
