झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के झोंकन बाग में शनिवार सुबह एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। एक मकान के बेसमेंट में रखी इलेक्ट्रिक गाड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान मकान में मौजूद लोगों ने पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार जेल चौराहे से भारत पेट्रोल पंप के समीप झोंकन बाग निवासी संजय अरोड़ा का हैवल्स इलेक्ट्रिक सामान का शोरूम है। शोरूम के बगल में उनका तीन मंजिला आवास बना हुआ है। शनिवार सुबह संजय अरोड़ा, उनके भाई अजय अरोड़ा तथा अन्य परिजन मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे। इसी दौरान बेसमेंट से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, धुआं आग की लपटों में बदल गया और देखते ही देखते आग पूरे भवन में फैल गई।

आग की भयावह स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों ने पड़ोसी की छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। बेसमेंट में खड़ी स्कूटी, बुलेट समेत पांच वाहन जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट भी हुआ, जबकि दूसरे सिलेंडर को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान में रखा गृहस्थी का सामान, तीन एयर कंडीशनर और अन्य कीमती वस्तुएं जल चुकी थीं।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट, एसी में तकनीकी खराबी अथवा चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक गाड़ियों में किसी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
