7 मार्च की शाम बीच सड़क पर मारी थी सतीश को गोली
पुलिस ने 20-20 हजार का इनाम किया था घोषित
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के कोतवाली क्षेत्र मऊरानीपुर में पूर्व पार्षद के बेटे सतीश श्रीवास की हत्या के मामले में पुलिस को घटना के दो दिन बाद मंगलवार सुबह तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने 20-20 हजार के तीन इनामी हत्यारोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

घटना स्थल पर पहुंचे सीओ मऊरानीपुर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि 7 मार्च को मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने देर शाम करीब 5 बजे सरस्वती शिशु मंदिर के पास सतीश श्रीवास को गोली मार दी थी, जिससे उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे और पुलिस ने उन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मंगलवार को सुबह तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस टीम ग्रामोदय ब्रिज के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी मध्य प्रदेश भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त महफूज पठान, मेहराज पठान और अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल की गई यामाहा आरएक्स-100 मोटरसाइकिल बरामद की है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
