मटियाना रस्म से लौट रहीं महिलाओं पर चढ़ी बाइक, शादी वाले घर में पसरा मातम
टोड़ी फतेहपुर/झांसी। थाना क्षेत्र के ग्राम बलूपुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। भांजी की शादी में शामिल होने आई एक महिला की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बलूपुरा निवासी संतोष अहिरवार की पुत्री नंदनी का विवाह 19 जून को होना है। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मृतका गीता देवी (38) पत्नी अर्जुन अहिरवार, निवासी ग्राम जेवर, थाना चंदेरा, जिला टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) अपने परिजनों के साथ आई थीं।बुधवार शाम करीब 8 बजे मटियाना की रस्म संपन्न होने के बाद गीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं पैदल घर लौट रही थीं।
महिलाएं थाना टोड़ी फतेहपुर के आगे स्थित पुलिया के पास पहुंचीं, तभी टोड़ी फतेहपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने अनियंत्रित होकर महिलाओं के समूह में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गीता देवी, भारती, सुनीता, रोशनी, पुख्खन, सविता सहित कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रोशनी को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया।
एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के कारण जहां विवाह की तैयारियों में जुटा परिवार खुशियां मना रहा था, वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष पवन जायसवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कारवाई की जायेगी।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
