झांसी। झांसी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रखी गई है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक किया जाएगा।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगजीवन राम ने बताया कि योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को सुबह 6 बजे अटल एकता पार्क में होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधक, अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह मनाने का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब लोग योग को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाएं।
डॉ. जगजीवन राम ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ और सुखी जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन का कार्यक्रम 21 जून को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस बृहद योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों और बड़ी संख्या में योग साधकों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं, बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
योग सप्ताह के दौरान जिले की सभी तहसीलों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, विकास खंडों, विद्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से योग सप्ताह के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने की अपील की है।
