दवा दिलाने के नाम ऑटो में बैठाकर ले गया था, परिजनों ने पहले पुलिस से छुपाया, बाद में दी जानकारी
झांसी। स्वाट और नवाबाद थाना पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान मासूम बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को दबोच लिया। इस दौरान आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पहले घटना की जानकारी पुलिस को देने से छुपाया था बाद में स्वयं फोन कर बताया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को डायल 112 को सूचना मिली थी एक व्यक्ति ऑटो में एक मासूम बालिका को अपहरण कर ले जा रहा है। इस सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने बालिका के परिजनों से संपर्क किया। जिस पर परिजनों ने अपहरण की सूचना से इनकार करते हुए बताया कि ऑटो में उनकी बच्ची को ले जाने वाला उनका परिचित है, वह दवा दिलाने ले गया है। लेकिन काफी देर तक बच्ची के घर न आने पर परिजनों ने ऑटो चालक पर दबाव बनाया तो वह काफी देर बाद उनकी पुत्री को लेकर आया। पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। परिजनों ने इस घटना की जानकारी पुलिस से दोबारा संपर्क कर बताई।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित मूल रूप से गोरखपुर व वर्तमान में बबीना के आरा मशीन निवासी संजय मिश्रा उर्फ भगत सिंह की तलाश शुरू कर दी थी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने स्वाट और नवाबाद पुलिस को लगाया था। दोनों ही टीमों की देर रात आरोपित से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगा। पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही करते हुए हवाई फायरिंग की। पुलिस की बंदूक से निकली एक गोली आरोपित के पैर में जा लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवा कर उसके कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद कर लिए हैं।
