हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल शुक्रवार तड़के तेज आंधी-तूफान के दौरान भरभराकर गिर गया। हादसे में छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
ललपुरा थाना प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के बीच पुल के एक हिस्से की स्लैब शटरिंग अचानक ढह गई। हादसे में बाँदा निवासी लोकेन्द्र, कुलदीप, सावंत यादव, स्वासा ललपुरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह तथा अछपुरा ललपुरा निवासी राजेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अवधेश, कल्लू, राजेश समेत कई अन्य मजदूर मलबे में दब गए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि पुल का हिस्सा गिरते ही मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण भी राहत कार्य में जुट गए और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार राज्यसभा सांसद की पहल पर दो वर्ष पूर्व ललपुरा के मोरकांदर और कुरारा के कंडोर के बीच इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। पुल निर्माण के लिए कई करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
