महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
महाआरती के दौरान मंदिर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में बाबा के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से भव्य स्वरूप दिया गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन पर झूमते नजर आए और पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहे।
मंगलवार सुबह से भी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। लोग बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। आयोजन समिति ने पूरे दिन नगर भंडारे का आयोजन किया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की संभावना जताई जा रही है।
जयपुर से लाई गई विशेष प्रतिमा
आयोजन समिति के अनुसार बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा विशेष रूप से जयपुर में तैयार करवाई गई थी। प्रतिमा को पहले राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूधाम ले जाया गया, जहां श्याम कुंड में पवित्र स्नान कराया गया। इसके बाद बाबा के नयन दर्शन और चंदन तिलक की परंपराएं पूरी की गईं। धार्मिक विधियों के बाद प्रतिमा को खिलचीपुर लाया गया और विधिवत स्थापना की गई।
जनसहयोग से बना भव्य मंदिर
गोविंद धाम कॉलोनी में बने इस मंदिर का निर्माण स्थानीय लोगों के जनसहयोग से किया गया है। स्थापना महोत्सव के चलते देर रात तक भजन संध्या, आरती और धार्मिक आयोजन चलते रहे। श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में मंदिर में हवन-पूजन, सत्संग और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। मंदिर की स्थापना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
