पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे अलग-अलग बहानों से ऑफिस या अन्य स्थानों पर बुलाते थे और वहीं उसके साथ गलत हरकतें की जाती थीं। आरोप है कि उससे यह भी कहा गया कि अगर नौकरी बचानी है तो उच्च अधिकारियों को “संतुष्ट” करना होगा। 7 मई को एक आरोपी ने उसे फोन कर सचिव के घर जाने का दबाव बनाया और मना करने पर गालियां देते हुए पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
महिला ने बताया कि वह तलाकशुदा है और इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। उसके मुताबिक, यह शोषण करीब एक साल से चल रहा था और अब वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी, जिसके बाद उसने कर्नलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर बिशप मॉरिस एडगर दान, उनके बेटे एलन दान, सचिव राकेश चत्री और महिला के पूर्व पति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। एसीपी कर्नलगंज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संस्था ‘डायसिस ऑफ लखनऊ’ चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के अंतर्गत आती है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल और सामाजिक संस्थाओं का संचालन करती है।
