मेरठ। मेरठ में स्टाफ नर्स अंजलि शर्मा (25) की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में दो अहम CCTV फुटेज सामने आए हैं, जिनमें आरोपी सूफियान और उसकी बहन साजिदा को अंजलि की लाश को स्कूटी पर ले जाते हुए साफ देखा जा सकता है। परिवार ने खुद आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर ये सबूत जुटाए हैं। एक अन्य फुटेज में एप्रन पहने एक महिला सूफियान के घर में दाखिल होती दिख रही है, जिसकी भूमिका को लेकर अब पुलिस जांच कर रही है।
पहले CCTV में दिखता है कि साजिदा स्कूटी चला रही है और सूफियान बीच में अंजलि का शव लेकर बैठा है। शव बार-बार संतुलन बिगाड़ता है और सड़क पर पैर घिसटते हुए दिखाई देते हैं। इस दौरान एक पड़ोसी युवक आगे आकर शव को ठीक से स्कूटी पर रखने में मदद करता है। इसके बाद दोनों आरोपी शव को मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंककर फरार हो जाते हैं।
दूसरे CCTV फुटेज में सूफियान के घर पर एक महिला दिखाई देती है, जिसने अस्पताल में पहने जाने वाले एप्रन जैसा कोट पहना हुआ है। यह महिला कौन है, कहां से आई और वारदात के बाद वहां क्या कर रही थी—इस सवाल ने पुलिस की जांच को और गहरा कर दिया है।
परिजनों के मुताबिक, अंजलि का सूफियान से मेडिकल कॉलेज में काम के दौरान संपर्क हुआ था, जो बाद में रिश्ते में बदल गया। लेकिन परिवार का आरोप है कि सूफियान उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था, जिसे अंजलि ने लगातार ठुकरा दिया। इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
अंजलि की शादी 2018 में हुई थी और उसका एक बेटा भी है, लेकिन पिछले एक साल से वह पति से अलग रह रही थी और तलाक का केस चल रहा था। परिवार का आरोप है कि सूफियान ने नौकरी दिलाने के नाम पर अंजलि से करीब 5 लाख रुपये भी लिए थे।
पुलिस ने सूफियान, उसकी बहन साजिदा और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, तीसरी महिला की पहचान और हत्या की पूरी साजिश को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
