नई दिल्ली। बांदा जिले के तिन्दवारी कस्बे में भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर पंचायत ने एक सराहनीय पहल की है। नगर पंचायत चेयरमैन सुधा साहू के नेतृत्व में रेहड़ी-पटरी और ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले दुकानदारों को छाते वितरित किए गए, ताकि वे तेज धूप और लू से बच सकें।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सड़क किनारे काम करने वाले छोटे दुकानदार दिनभर खुली धूप में खड़े रहते हैं, जिससे उन्हें गर्मी के मौसम में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए नगर पंचायत ने यह कदम उठाया है, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके और उनका काम भी प्रभावित न हो।
चेयरमैन प्रतिनिधि रमेश चंद्र साहू ने कहा कि यह केवल एक वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसेवा का प्रयास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस मौके पर कस्बे के कई स्थानीय नागरिक, दुकानदार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लाभार्थियों ने नगर पंचायत का आभार जताते हुए कहा कि यह छाते भीषण गर्मी में उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे और उनके काम को आसान बनाएंगे।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे छोटे लेकिन उपयोगी प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और जरूरतमंदों को सीधा लाभ पहुंचाते हैं।
