जानकारी के अनुसार, आरोपी रक्षपाल बघेल (43) और मृतका रजनी अहिरवार (35) के बीच पिछले करीब 8 महीनों से प्रेम संबंध थे। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और चोरी-छिपे मिलते थे। रजनी का पति हरियाणा में नौकरी करता है, जबकि वह अपने चार बच्चों के साथ गांव में रहती थी।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पिछले एक महीने से रजनी उस पर शादी कर साथ रहने का दबाव बना रही थी। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया। 22 मई की रात करीब 11:45 बजे रजनी ने खुद उसे फोन कर घर बुलाया था।
आरोप है कि घर पर मिलने के दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर रक्षपाल ने पास में रखी कुल्हाड़ी से रजनी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने घर चला गया।
बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर
घटना के समय रजनी के चार बच्चों में से तीन बच्चे उसी कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब 3 बजे बेटी मुस्कान की आंख खुली तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखा। मां के जवाब न देने पर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में खुला राज
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सीडीआर और कॉल डिटेल्स खंगाली, जिसमें मृतका और आरोपी के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई। इसके बाद शक के आधार पर रक्षपाल को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
