जानकारी के अनुसार, बस लखनऊ से झांसी होते हुए रतलाम जा रही थी। रात करीब 1 बजे बस झांसी पहुंची थी और फ्लाईओवर पर चढ़ते समय अचानक उसमें तेज झटका लगा और लाइट बंद हो गई। चालक कमलेश कुमार ने तुरंत बस रोककर जांच की तो पता चला कि तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई है।
इसके बाद चालक ने बिना देर किए सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस धधक उठी और यात्री अपना सामान भी नहीं बचा सके।
फ्लाईओवर पर मची अफरा-तफरी
आग की लपटें उठते ही फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते बस पूरी तरह आग में जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
