Mini Split AC असल में मल्टी-जोन कूलिंग टेक्नोलॉजी पर काम करता है। यानी एक ही आउटडोर यूनिट से 2, 3, 4 या उससे ज्यादा इंडोर यूनिट्स को जोड़ा जा सकता है। हर कमरे का तापमान अलग-अलग कंट्रोल किया जा सकता है। अगर एक कमरे में ज्यादा ठंडक चाहिए और दूसरे में कम, तो दोनों सेटिंग अलग रखी जा सकती हैं। यही वजह है कि इसे बड़े घरों, ऑफिस और लग्जरी अपार्टमेंट्स के लिए बेहतर विकल्प माना जा रहा है।
यह सिस्टम सामान्य Split AC की तरह ही काम करता है। इसमें भी कॉपर पाइप के जरिए आउटडोर और इंडोर यूनिट कनेक्ट रहती हैं, लेकिन फर्क यह है कि साधारण Split AC में एक आउटडोर यूनिट सिर्फ एक कमरे को ठंडा करती है, जबकि Mini Split AC कई कमरों को एक साथ कूल कर सकता है।
Mini Split AC का सबसे बड़ा फायदा बिजली की बचत है। अलग-अलग कमरों में कई AC लगाने की बजाय एक ही सिस्टम पूरे घर को संभालता है, जिससे पावर कंजम्प्शन कम होता है। इसके अलावा घर की बालकनी, छत या बाहरी दीवार पर कई आउटडोर यूनिट लगाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे सेटअप भी साफ और आकर्षक दिखता है।
यह सिस्टम खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जिन्हें बड़े घर में स्मार्ट और कम बिजली खर्च वाला कूलिंग सिस्टम चाहिए। हालांकि इसकी शुरुआती कीमत सामान्य Split AC से ज्यादा होती है, लेकिन लंबे समय में बिजली और मेंटेनेंस का खर्च कम होने की वजह से यह फायदे का सौदा साबित हो सकता है।
