महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी कस्बे में शनिवार को शिया समुदाय के सैकड़ों लोगों ने ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह अली खामनेई की हत्या पर दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए अमेरिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पोस्टर जलाकर नारेबाजी की।
पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे के अनुसार पश्चिम एशिया में ईरान और इजराइल से जुड़े हालिया घटनाक्रमों को लेकर शिया समुदाय में नाराजगी और शोक का माहौल है। इसी के चलते चरखारी क्षेत्र में करीब एक सौ लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने पचराहा क्षेत्र में जुलूस निकाला और अमेरिका तथा इजराइल के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने डोनाल्ड ट्रम्प और बेंजामिन नेतन्याहू के पोस्टर भी जलाए। प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप था कि युद्ध की आड़ में पवित्र रमजान के महीने में मुसलमानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है जिसे वे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे।
