झांसी। टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के बुढाई गांव में गुरुवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में बच्चों के साथ सो रही एक 35 वर्षीय महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला धारदार हथियार से हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुढाई गांव निवासी 35 वर्षीय रजनी अहिरवार अपने चार बच्चों के साथ घर में रहती थी। उसका पति भूपत हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता है और लंबे समय से बाहर रह रहा है। घर से कुछ दूरी पर उसके ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी रहते हैं।
मृतका के ससुर आशाराम ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे रजनी की छोटी बेटी रोते और चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली। बच्ची की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। रजनी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही टोड़ीफतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाद में फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी ने घर में घुसकर धारदार हथियार से वार कर महिला की निर्मम हत्या की है।
मृतका की सास फूला देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात हमलावरों द्वारा उसकी बहू रजनी की हत्या की गई है। सास की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी की भूमिका का पता लगाने में जुटी हुई है। गांव में इस घटना के बाद भय और शोक का माहौल बना हुआ है।
इनका है कहना
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ग्रामीण डॉ.अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित कर लिए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
