सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन मृतक युवक की पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। शुरुआती जांच में युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने शव को डायल 112 की मदद से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है, जहां आगे की कानूनी और पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान उसके कपड़ों और हुलिये के आधार पर करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी गई है, ताकि यदि किसी गुमशुदा व्यक्ति की रिपोर्ट दर्ज हो तो उसकी जानकारी से मिलान किया जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। क्या यह हादसा है या किसी अन्य कारण से हुई मौत, इस पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
गुढ़ थाना पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो या हाल ही में कोई युवक लापता हुआ हो, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इसके लिए दो संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं-
• सहायक उप निरीक्षक सुरेश साकेत: 62329 81933
• प्रधान आरक्षक अयोध्या प्रजापति: 91746 97575
पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की छोटी सी जानकारी भी किसी परिवार को उनके अपनों तक पहुंचाने में बड़ी मदद कर सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही पहचान और मौत के कारणों का खुलासा करने की उम्मीद जता रही है।
