आज शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते रात में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
भीषण गर्मी का असर शहर के जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि लोग धूप से बचने के लिए गमछा, टोपी और छाते का इस्तेमाल करते नजर आए। ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर थोड़ी भीड़ जरूर देखी गई।
गंगा घाटों पर भी गर्मी का असर दिखा, जहां पर्यटकों की संख्या में कमी आई है और नाव संचालन लगभग बंद रहा। आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं, जिससे घाट किनारे दुकानदारों को नुकसान हो रहा है।
इस बीच गर्मी की छुट्टियों में बच्चे गंगा में तैराकी सीखने के लिए पहुंच रहे हैं, जहां गायघाट पर नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उधर बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है और मई में ही खपत 900 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, जिससे ट्रांसफॉर्मर ओवरलोडिंग और फॉल्ट की घटनाएं बढ़ गई हैं
