झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने महामहिम राज्यपाल महोदया को पत्र भेजकर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी की बिगड़ती व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. शिवकुमार को जनहित में तत्काल हटाने की मांग की है।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि डॉ. शिवकुमार के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं लगातार खराब हुई हैं, जिससे गरीब मजदूरों, किसानों एवं दूर-दराज से आने वाले मरीजों को उपचार के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सामने एवं आसपास बड़ी संख्या में निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जिससे यह आशंका उत्पन्न होती है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर स्थिति का लाभ निजी संस्थानों को मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में श्रमिकों एवं कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है तथा श्रम न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना की जा रही है। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है और न्यायिक व्यवस्था की गरिमा प्रभावित हो रही है।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लगातार बढ़ती अव्यवस्थाएं, मरीजों की परेशानियां एवं प्रशासनिक विफलताएं जनाक्रोश का कारण बन रही हैं। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने तथा मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है।
