झांसी। झांसी पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान को सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जेल अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंत्री करीब एक घंटे देरी से पहुंचे, जिसकी वजह उन्होंने कानपुर देहात में हुए स्कूल बस हादसे में बचाव कार्य में शामिल होना बताया।
मीडिया से बातचीत के दौरान दारा सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं में पूजा और नमाज के लिए स्थान पहले से निर्धारित हैं, इसलिए धार्मिक आयोजन उन्हीं तय स्थानों पर होने चाहिए।
जेल व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल बंदियों को जेल में रखना नहीं, बल्कि उनके नैतिक और सामाजिक सुधार पर काम करना भी है। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन बंदियों के पुनर्वास और सुधार की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि रिहाई के बाद वे समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
प्रदेश की जेलों में ओवरक्राउडिंग के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह समस्या पहले की तुलना में काफी हद तक कम हुई है। सरकार नई जेलों के निर्माण पर तेजी से काम कर रही है और आने वाले समय में यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
मुख्यमंत्री के बयान के समर्थन में उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में भी पूजा और नमाज के लिए तय स्थानों का उल्लेख मिलता है, इसलिए सीएम का बयान सही है। वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
